Saraikela (संजीव मेहता) : प्रोफेसर (डॉ.) गौतम सुत्रधार ने 22 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), जमशेदपुर के दूरसंचार अभियांत्रिकी विभाग में दूरसंचार विभाग (डीओटी), भारत सरकार द्वारा वित्तपोषित “5G यूज़ केस लैब” का उद्घाटन किया. इस प्रयोगशाला की कुल लागत 5 करोड़ रुपये है. एनआईटी जमशेदपुर देश के उन 100 उच्च शिक्षण संस्थानों में से एक है, जिन्हें इस योजना के अंतर्गत यह अनुदान प्राप्त हुआ है.

इस प्रयोगशाला की स्थापना का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं स्टार्टअप समुदायों के लिए 5G तकनीकों में दक्षता और सहभागिता विकसित करना है तथा भविष्य की 6G तकनीक के लिए भी तैयारी करना है. निदेशक महोदय ने अपने संबोधन में कहा कि यह प्रयोगशाला केवल एनआईटी जमशेदपुर के लिए ही नहीं, बल्कि झारखंड राज्य के अन्य इंजीनियरिंग संस्थानों के लिए भी उपयोगी होगी और वे भी इसकी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे. उद्घाटन समारोह में उप निदेशक प्रो. आर. वी. शर्मा, डीन (अनुसंधान एवं परामर्श) प्रो. सतीश कुमार, कुलसचिव प्रो. सरोज कुमार सारंगी, विभागाध्यक्ष (ईसीई) डॉ. दिलीप कुमार, डॉ. स्वगतदेब साहू (समन्वयक, 5G यूज़ केस लैब) सहित ईसीई विभाग के अन्य संकाय सदस्य एवं छात्र-छात्राएँ भी उपस्थित रहे.




