जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित जोन नंबर-1 बी में निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास परियोजना में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। निर्माणाधीन भवन की नौवीं मंजिल से गिरने के कारण सचिन मुर्मू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक सचिन मुर्मू बिरसानगर के साधुडेरा का निवासी था।
उसके पिता मसांग मुर्मू दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम किसी कारणवश सचिन निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास परिसर में पहुंच गया। इसी दौरान वह भवन की नौवीं मंजिल तक चला गया। वहां से अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर बिरसानगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि किशोर निर्माणाधीन भवन की ऊपरी मंजिल तक कैसे पहुंचा और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का आरोप है कि निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास परियोजना में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। भवन के प्रवेश मार्ग, सीढ़ियों और ऊपरी मंजिलों पर पर्याप्त सुरक्षा घेराबंदी, बैरिकेडिंग या चेतावनी संबंधी बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। ऐसे में कोई भी व्यक्ति बिना रोक-टोक परिसर के अंदर प्रवेश कर सकता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी से निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था तत्काल मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि परिसर की घेराबंदी, सुरक्षा गार्डों की तैनाती, ऊपरी मंजिलों पर बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






