चतरा : झारखंड के चतरा जिले के वशिष्ठनगर जोरी थाना अंतर्गत घंघरी गांव में मंगलवार को एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी मुकेश यादव के रूप में हुई है। उनका शव चतरा-डोभी मुख्य मार्ग (एनएच-22) के किनारे पड़ा मिला। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
परिजनों ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की और हत्या की आशंका व्यक्त की। घटना के विरोध में ग्रामीणों और परिवार के सदस्यों ने एनएच-22 पर धरना देकर सड़क अवरुद्ध कर दी। इसके कारण चतरा से गया समेत विभिन्न मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता तथा निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

सूचना मिलने पर वशिष्ठनगर जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, घटना से जुड़े हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






