सरायकेला : सरायकेला-खरसांवा जिला के गम्हरिया ब्लॉक अंतर्गत वार्ड नं० 4, रोड नं० 5, गायत्रीनगर के निवासी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र की नालियों की सफाई लंबे समय से नहीं हुई है, जिससे गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और कई घरों में भी प्रवेश कर चुका है। इसके चलते इलाके में बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों के फैलने की आशंका बन गई है।

निवासियों का यह भी आरोप है कि मदन कुमार झा नामक व्यक्ति ने मुख्य नाले पर बाउंड्री बनाकर और नाले में पिलर डालकर अवैध अतिक्रमण कर लिया है। इतना ही नहीं, उन्होंने रोड पर भी लगभग दो फीट तक निर्माण कर आम रास्ते को संकीर्ण कर दिया है, जिससे राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बस्तीवासियों ने नगर परिषद से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अतिक्रमण हटाया जाए और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।




