झारखंड ( रांची ) : बंगाल की खाड़ी में बने दबाव क्षेत्र के कारण झारखंड में वर्षा ने रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार शाम से शुरू हुई बारिश रविवार और सोमवार को भी थमती नजर नहीं आई, और अगले तीन दिन तक भारी बारिश का अनुमान लगाया जा रहा है। निरंतर जलवर्षा के साथ डैम का फाटक खोले जाने से खरकई और सुवर्णरेखा नदियों का जलस्तर तेजी से ऊपर उठ रहा है।

वर्तमान में दोनों नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे निचले क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। जमशेदपुर एवं सरायकेला खरसावां के उपायुक्त ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी अंचल और प्रखंड अधिकारियों को सतर्क रहने और राहत कार्यों के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने निचले क्षेत्रों के लोगों से सावधानी बरतने और ज़रूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो अगले सात दिनों तक रुक-रुक कर हल्की से सामान्य वर्षा होती रहेगी। 30 जून के लिए ऑरेंज चेतावनी जारी की गई है, जबकि 1 से 3 जुलाई तक येलो अलर्ट घोषित किया गया है। प्रशासन नागरिकों इस दौरान पूरी तरह चौकन्ना रहने और सुरक्षित जगह पर रहने की अपील की है।




