मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। अस्पताल के पांचवें तल्ले पर स्थित आईसीयू वार्ड में आग लगने की घटना में चार मरीजों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मरीजों को सुरक्षित निकालकर आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी और देखते ही देखते पूरे आईसीयू में धुआं भर गया। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मरीजों और उनके परिजनों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन आईसीयू में भर्ती मरीज धुएं के बीच फंस गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटनास्थल पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, डीएम और एसएसपी भी पहुंचे तथा हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने मरीजों के परिजनों से बातचीत कर उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। मृतकों के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अस्पताल का फायर सेफ्टी सिस्टम काम नहीं कर रहा था।

उनका आरोप है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह बड़ा हादसा हुआ। अग्निशमन विभाग के अधिकारी राम निवास पांडेय ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मृतकों की संख्या और आग लगने के सटीक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। प्रारंभिक तौर पर दम घुटने को मौत का कारण माना जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि वह प्रशासन को जांच में पूरा सहयोग कर रहा है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे शहर में शोक का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों ने निजी अस्पतालों में फायर सेफ्टी और सुरक्षा मानकों की नियमित जांच की मांग की है।





