
सरायकेला: मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन रविवार को अपने विधानसभा के राजनगर प्रखंड में हूल दिवस कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले कुमडीह गांव में शहीद सिदो-कान्हू की प्रतिमा का अनावरण किया और फिर राजनगर चौक पर स्थापित प्रतिमा का अनावरण और माल्यार्पण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने राजनगर बाजार में एक सभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने झारखंड के वीर शहीदों को नमन करते हुए उनके सपनों का झारखंड बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, चांद-भैरव, फूलो-झानो जैसे शहीदों की वजह से आज देश आजाद हुआ और झारखंड राज्य का सपना भी साकार हुआ। उनके उलगुलान के कारण अंग्रेज भारत छोड़ने को मजबूर हुए। आज का दिन उन शहीदों को नमन करने और उनके सपनों का झारखंड बनाने का संकल्प लेने का दिन है।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि पिछले 21 साल से बीजेपी ने राज्य की खनिज संपदा को लूटकर अन्य राज्यों को बढ़ावा दिया। उनकी सरकार ने गांव के अंतिम पंक्ति तक विकास योजनाएं पहुंचाई हैं। अगले महीने से 25 से 50 वर्ष की महिलाओं को पेंशन देने की योजना शुरू होगी और असाध्य रोगियों के इलाज के लिए 15 लाख तक की सुविधा मिलेगी। 20 लाख अबुआ आवास का निर्माण कराया जाएगा।
सरकार के स्थायित्व के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका गठबंधन अटूट है और उनकी सरकार 5 साल पूरा करेगी और फिर से सत्ता में वापसी करेगी।






