Saraikela (संजीव मेहता) : आदिवासी बहुल।मुड़कुम गांव में बिल्डर द्वारा जमीन खरीद बिक्री का मामला गुरुवार की देर शाम सीओ के पास पहुंच गया है. ग्रामीणों ने सीओ को ज्ञापन सौंप यह मांग किया है कि बगैर ग्राम सभा के म्यूटेशन और सीमांकन पर रोक लगाएं चूंकि कुछ लोग गांव में गलत तरीके से कुछ लोगों को बहला फुसलाकर और मुर्गा दारू खिलाकर जमीन का सौदा करना चाह रहे हैं. ज्ञापन में बाहरी लोगों द्वार निजी स्वार्थ के लिए गांव में माहौल बिगाड़ने का आरोप भी लगाया है. बता दें कि गुरुवार की देर शाम।गम्हरिया प्रखंड के मुड़कुम गांव के ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को वार्ड सदस्य शिबू हेंब्रम के नेतृत्व में अंचल कार्यालय पंहुचा और सीओ को ज्ञापन के माध्यम से सच्चाई से अवगत कराया है.

ज्ञापन में गांव की सरकारी जमीन का सीमांकन कराने की मांग की गई है, वहीं ग्रामसभा में स्वीकृति के बिना जमीन का म्यूटेशन करने पर आपत्ति जताते हुए किसी भी जमीन का म्यूटेशन नहीं करने की मांग की गई है. ज्ञापन में कहा गया है कि कुछ बाहरी तत्व जमीन खरीदने के लिए ग्रामीणों के बीच फूट डालकर आपस में लड़ाने का प्रयास कर रहे है. इससे गांव में माहौल बिगड़ रहा है. ग्रामीणों ने ग्रामसभा से स्वीकृति मिलने के बाद ही जमीन का म्यूटेशन करने की मांग की. प्रतिनिधि मंडल में उपेन महतो, सूरज सोनार, राजेश महतो, सूरज हांसदा, दुर्गा सोरेन, अमृत महतो समेत काफी संख्या में ग्रामीण शामिल थे.




