जमशेदपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवमुंडी स्थित नयागांव में एक गंभीर घटना घटी, जिसमें 20 बच्चों को मिड-डे मील खाने के बाद फूड प्वाइजनिंग हो गई। यह घटना जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र की जेटेया पंचायत के प्राथमिक विद्यालय नयागांव ओड़िया स्कूल में हुई। बच्चों ने दाल-चावल और आलू की सब्जी खाई, जिसके कुछ समय बाद ही उन्हें उल्टी और दस्त की समस्या होने लगी। इस दौरान, छह साल की आयुषी गोप की मृत्यु हो गई।

स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रभाव से गांव में चिकित्सा कैंप लगाया और दवाइयों का वितरण किया। प्रशासन ने मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य वीरेंद्र नाथ महतो ने बताया कि शिक्षक और अन्य कर्मियों ने भी वही भोजन किया था, लेकिन उन्हें कोई समस्या नहीं हुई। हालांकि, डायरिया के फैलने के कारण का अभी तक पता नहीं चल सका है। पश्चिमी सिंहभूम के सिविल सर्जन सुशांत माझी ने जानकारी दी कि स्वास्थ्य विभाग की टीम को प्रभावित क्षेत्र में भेजा गया था और पीड़ितों की मलेरिया व डायरिया की जांच की गई है। स्थिति अब नियंत्रण में है।




