रांची : इस वर्ष भारत में मानसून की रफ्तार ने सभी को चौंका दिया है। सामान्य तिथि से आठ दिन पहले ही 24 मई को केरल में वर्षा ऋतु की शुरुआत हो गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने पहले 27 मई तक केरल में इसके पहुंचने की संभावना जताई थी, लेकिन मानसून समय से काफी पहले सक्रिय हो गया।

इससे न केवल तापमान में गिरावट आएगी बल्कि जल संकट की स्थिति भी सुधरेगी। केरल में जल्दी मानसून के आगमन का प्रभाव झारखंड पर भी नजर आने की संभावना है। आमतौर पर झारखंड में यह जून के मध्य तक पहुंचता है, लेकिन इस बार यह 3 से 5 जून के बीच दस्तक दे सकता है। इससे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है और कृषि कार्य समय पर शुरू हो सकेंगे। पिछले साल मानसून 21 जून को झारखंड में आया था, जिससे लू और गर्म हवाओं का प्रकोप बढ़ा था। वहीं बिहार में भी इस बार मानसून 4 से 5 दिन पहले सक्रिय हो सकता है और अनुमान है कि 7 से 10 जून के बीच बारिश शुरू हो जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार इस साल अच्छी वर्षा की संभावना है।




