जमशेदपुर (मानगो): मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। एनडीए समर्थित महापौर प्रत्याशी संध्या सिंह कल अपना नामांकन दाखिल करेंगी। इस अवसर पर एनडीए के सभी घटक दल एकजुट होकर उनके साथ मौजूद रहेंगे। इसकी जानकारी आज आयोजित एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एनडीए के सभी घटक दलों के जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
नेताओं ने एक स्वर में कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र के समग्र विकास के लिए एनडीए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और संध्या सिंह के नेतृत्व में मानगो को एक स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित शहर बनाया जाएगा। महापौर प्रत्याशी संध्या सिंह ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि यदि जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है तो उनकी प्राथमिकताओं में मानगो की साफ-सफाई, सुव्यवस्थित नागरिक सुविधाएं और स्वच्छ वातावरण प्रमुख रहेगा।

इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष जोर देते हुए कहा कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा, स्ट्रीट लाइटिंग, सीसीटीवी व्यवस्था और सुरक्षित सार्वजनिक स्थलों पर विशेष फोकस किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मानगो क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। संध्या सिंह ने विश्वास जताया कि एनडीए की एकजुटता और जनता का समर्थन उन्हें विजय की ओर ले जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मौजूद एनडीए नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूरे दमखम के साथ चुनाव प्रचार में जुटें और विकास के मुद्दों को घर-घर तक पहुंचाएं।




