जमशेदपुर (मानगो): मानगो नगर निगम में होने वाले पार्षद चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के साथ ही चुनावी माहौल गरमा गया है। आज विभिन्न वार्डों से कई प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी मैदान में उतरने की औपचारिक घोषणा की। वार्ड संख्या 36 से पूजा कुमारी, वार्ड संख्या 5 से प्रवीण सिंह, वार्ड संख्या 35 से सुरेंद्र सिंह, वार्ड संख्या 14 से अश्विनी सिंह तथा वार्ड संख्या 10 से राज गुप्ता ने आज संबंधित निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया।
नामांकन के बाद सभी प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी जीत की दावेदारी पेश करते हुए कहा कि वे मानगो क्षेत्र के समग्र विकास के संकल्प के साथ चुनावी मैदान में उतरे हैं। प्रत्याशियों ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य अपने-अपने वार्ड में बेहतर सड़क, साफ-सफाई, नियमित जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी व्यवस्था और अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करना है।

प्रत्याशियों ने यह भी कहा कि वे जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करेंगे और पार्षद चुने जाने के बाद वार्ड स्तर पर पारदर्शी और जवाबदेह कार्यप्रणाली अपनाई जाएगी। इसके साथ ही युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई। नामांकन के दौरान प्रत्याशियों के समर्थक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और पूरे उत्साह के साथ अपने-अपने प्रत्याशी के समर्थन में नारेबाजी की। नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।




