गिरिडीह :गिरिडीह जिला के पचंबा थाना क्षेत्र के कल्याणडीह में धड़ल्ले से चल रहे अवैध महुआ शराब कारोबार के खिलाफ सोमवार देर शाम महिलाओं का गुस्सा सड़क पर उतर आया। दर्जनों महिलाओं ने पचंबा थाना पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोप लगाया कि कल्याणडीह में खुलेआम महुआ शराब की बिक्री हो रही है, जिससे पूरे इलाके का सामाजिक माहौल बिगड़ता जा रहा है।
उनका कहना है कि शराब के नशे में धुत लोग आए दिन उत्पात मचाते हैं और महिलाओं व युवतियों की सुरक्षा पर भी खतरा पैदा हो गया है। महिलाओं ने बताया कि शराब कारोबार का विरोध करने पर तस्कर और उनके सहयोगी मारपीट तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते हैं। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। महिलाओं का आरोप है कि मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गडरमा से कल्याणडीह तक महुआ शराब की लगातार सप्लाई की जा रही है। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कहा कि कई बार स्थानीय युवकों ने शराब लेकर जा रहे लोगों को पकड़ने का प्रयास किया।

लेकिन कथित रूप से ऊंची पहुंच और संरक्षण का दावा कर आरोपी बच निकलते हैं। विरोध करने वालों को भी लगातार धमकियां दी जाती हैं। थाना पहुंचे महिलाओं ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अवैध शराब कारोबार पर जल्द लगाम नहीं लगाई गई और शराब तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। महिलाओं ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, अवैध शराब की बिक्री बंद कराने और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। महिलाओं के आक्रोश और थाने के घेराव से साफ है कि कल्याणडीह में अवैध शराब का मुद्दा अब जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है।





