रांची : लातेहार जिले के महुआडांड़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। देर रात लगभग 1:30 बजे नेतरहाट थाना अंतर्गत दौना गांव के चोरहा नीचे टोला में एक विशेष अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने एक कुख्यात उग्रवादी को मार गिराया, जबकि दूसरे वांछित को पकड़ने में सफलता पाई।

मारे गए उग्रवादी की पहचान मनीष यादव के रूप में हुई है, जिसके ऊपर पाँच लाख का इनाम था। वहीं, दस लाख का इनामी कुंदन खेरवार जीवित पकड़ा गया। एसपी कुमार गौरव ने जानकारी दी कि कुंदन किसी हिंसक वारदात की योजना बना रहा था। गुप्त सूचना पर एसडीपीओ शिवपूजन बहेलिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर दबिश दी गई। रात्रि गश्त के दौरान माओवादी गतिविधियों की पुष्टि होने पर पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी की। समर्पण की चेतावनी देने पर विरोधियों ने गोलियाँ चलाईं, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। मुठभेड़ के बाद मनीष का शव मिला और कुंदन को हथियारों समेत गिरफ्तार कर लिया गया। मनीष और कुंदन पिछले एक दशक से संगठन से जुड़े थे। मनीष पर झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ में अनेक संगीन मामले दर्ज हैं, जिनमें कई जवानों की हत्या शामिल है।




