धनबाद : धनबाद के केंदुआडीह प्रभावित क्षेत्र का आज राज्य के मुख्य सचिव और प्रभारी डीजीपी ने संयुक्त रूप से दौरा किया। इस दौरान उनके साथ उपायुक्त (डीसी), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सबसे पहले प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया।
इसके बाद वे राहत शिविर पहुंचे,जहां विस्थापित और प्रभावित लोगों से सीधे संवाद किया। मुख्य सचिव ने राहत शिविर में रह रहे लोगों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवारों को भोजन, पानी, स्वास्थ्य सुविधा, बिजली और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न हो।

प्रभारी डीजीपी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और स्थानीय पुलिस को क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। दौरे के उपरांत मुख्य सचिव, प्रभारी डीजीपी, डीसी, एसएसपी एवं अन्य आला अधिकारी बेलगड़िया टाउनशिप के निरीक्षण के लिए रवाना हुए। वहां उन्होंने पुनर्वास से जुड़ी व्यवस्थाओं का आकलन किया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रभावित लोगों के पुनर्वास और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।




