सरायकेला / (संजीव मेहता) : सरायकेला जिला मुख्यालय में गणतंत्र दिवस पर होने वाले मुख्य समारोह स्थानीय बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित होगा। जहां झंडोत्तोलन की तैयारी को लेकर आज समीक्षा बैठक हुई है। जिसमें जिला प्रशासन ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है, बस मुख्य समारोह में कौन होंगे मुख्य अतिथि इस पर संशय बरकरार है। बताया जा रहा है कि अभी तक रांची मुख्यालय से इससे संबंधित सूची पत्र नहीं आया है। बता दें कि सोमवार को गणतंत्र दिवस समारोह क़ी तैयारी को लेकर उप विकास आयुक्त क़ी अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई है। जिसमें गणतंत्र दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर उप विकास आयुक्त सह परियोजना निदेशक आईटीडीए आशीष अग्रवाल ने बैठक की है। उक्त बैठक मे निदेशक डीआरडीए डॉ अजय तिर्की,अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला सदानंद महतो, जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो एवं सभी सम्बन्धित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक को सम्बोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने आगामी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस को हर्षोल्लास के साथ मनाने क़ी बात कही। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागीय पदाधिकारी कार्यक्रम की तैयारी हेतु सौंपी जा रहे कार्यों को समय पूर्ण करना सुनिश्चित करेंगे। गणतंत्र दिवस के अवसर पर पूर्व वर्ष की भांति इस वर्ष भी मुख्य समारोह स्थल पर सभी विभाग के तरफ से झांकी प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके निमित्त सभी विभाग अपने तैयारियां समस्या पूर्ण कर लेंगे। मुख्य समारोह स्थल की साफ सफाई, समारोह स्थल पर पेयजल एवं चलन्त शौचालय की व्यवस्था हेतु कार्यपालक पदाधिकारी सरायकेला नगर पंचायत को निर्देशित किया गया है। मुख्य समारोह स्थल तथा सरायकेला शहर के मुख्य चौक चौराहो की साफ-सफाई तथा सजो-सज्जा सम्बन्धित कार्यों के लिए कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत सरायकेला को निर्देशित किया गया।

21, 22 एवं 23 जनवरी को बिरसा मुंडा स्टेडियम सरायकेला में परेड रिह्लसाल होगा। वही 24 जनवरी को उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक फूल ड्रेस परेड रिह्लसाल का निरिक्षण करेंगे। पूर्वाभ्यास के दौरान सभी पदाधिकारियों स्थल पर उपस्थित रहेंगे। सभी अंचल अधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत, नगर परिषद, सचिव बाजार समिति को निर्देश दिया गया कि गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर स्थानीय बाजार में मांस-मछली बिक्री एवं मदिरा के सेवन नहीं करने हेतु आम जनता को जागरूक करेंगे। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेंद्र उरांव, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा सत्येंद्र महतो, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सार्जेंट मेजर एवं विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान नशा मुक्ति अभियान, गुड समेटेरियन तथा ब्लड डोनेशन अभियान आदि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन लोगों को सम्मानित किया जाएगा।



