रांची : झारखंड सरकार राज्य को उन्नत तकनीक और डिजिटल अर्थव्यवस्था का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। दो दिवसीय सम्मेलन के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य की भावी डिजिटल विकास रूपरेखा प्रस्तुत करेंगे। इस पहल का उद्देश्य सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और नई तकनीकों के माध्यम से औद्योगिक निवेश आकर्षित करना, रोजगार के नए अवसर सृजित करना तथा नवाचार को प्रोत्साहन देना है।

सम्मेलन में देश-विदेश की प्रमुख तकनीकी कंपनियों, उद्योग विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की भागीदारी होगी। पहली बार रांची में प्रस्तावित आईटी पार्क को बड़े निवेश केंद्र के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा, जिसकी रणनीतिक स्थिति और उपलब्ध सरकारी भूमि इसे विशेष बनाती है। सरकार उद्योगों को आकर्षित करने के लिए पूंजीगत सहायता, स्टांप शुल्क तथा बिजली शुल्क में विशेष रियायतों की जानकारी भी देगी। साथ ही, राज्य में उपलब्ध प्रशिक्षित तकनीकी युवाओं को उद्योगों की आवश्यकता से जोड़ने पर भी जोर रहेगा। कार्यक्रम में 2026-31 की प्रस्तावित एआई नीति पर विशेषज्ञों से सुझाव लिए जाएंगे। प्रशासन, कृषि, स्वास्थ्य और खनन जैसे क्षेत्रों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित समाधान लागू कर सरकारी सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने की दिशा में भी विस्तृत चर्चा होगी।





