सरायकेला : सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त-नीतिश कुमार सिंह के निर्देश पर आदित्यपुर और गम्हरिया क्षेत्र के क्रूज होटल मधुबन होटल और पारस हाइट एवं अन्य विभिन्न बार एवं रेस्टोरेंटों की जांच की गई। उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों में लाइसेंस, सीसीटीवी व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और आवश्यक दस्तावेजों का निरीक्षण किया।
संचालकों को सभी सरकारी नियमों का पूरी तरह पालन करने की हिदायत दी गई। निरीक्षण के दौरान स्पष्ट किया गया कि 21 वर्ष से कम उम्र के किसी भी व्यक्ति को बार में प्रवेश या शराब परोसने की अनुमति नहीं होगी। डीजे, लाइव म्यूजिक या अन्य कार्यक्रम सक्षम प्राधिकारी की पूर्व स्वीकृति के बाद ही आयोजित किए जा सकेंगे। अधिकारियों ने सभी प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले आईपी आधारित सीसीटीवी कैमरे चालू रखने, फुटेज सुरक्षित रखने, प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान और सुरक्षा जांच सुनिश्चित करने तथा निर्धारित क्षमता और लाइसेंस की शर्तों के अनुरूप संचालन करने का निर्देश दिया।

साथ ही सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा) के प्रावधानों का पालन भी अनिवार्य बताया गया। उपायुक्त ने कहा कि नियमों की अनदेखी या किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।






