जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा सीट झारखंड में हॉट सीट मानी जा रही है, जहां भाजपा से पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की पुत्रवधू पूर्णिमा साहू और कांग्रेस से पूर्व सांसद डॉ. अजय कुमार आमने-सामने हैं। भाजपा प्रत्याशी पूर्णिमा साहू अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए व्यापक रूप से जनसंपर्क और जनसभाएं कर रही हैं, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी अजय कुमार विवादित बयानों के चलते चर्चा में हैं। अजय कुमार ने भाजपा की महिला प्रत्याशी पूर्णिमा साहू पर टिप्पणी करते हुए उन्हें ‘अबला’ और पुरुषों पर निर्भर बताया, जिससे पूरे राज्य की महिलाओं में आक्रोश देखा जा रहा है।महिलाओं का कहना है कि आधुनिक समाज में महिलाएं अब हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं और ऐसी टिप्पणियां महिलाओं की आत्मनिर्भरता पर प्रश्नचिह्न लगाती हैं।

अजय कुमार के इस बयान का विरोध जमशेदपुर और पूरे झारखंड में व्यापक रूप से हो रहा है, जहां महिलाएं प्रदर्शन कर रही हैं और कांग्रेस प्रत्याशी के पुतले फूंक रही हैं। विश्लेषकों का मानना है कि अजय कुमार का यह बयान कांग्रेस को नुकसान पहुंचा सकता है। इस बयान की न तो कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने निंदा की है और न ही उनके सहयोगी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और राजद ने कोई प्रतिक्रिया दी है, जो आगामी चुनाव में इन पार्टियों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।




