सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली पुलिस ने जानलेवा गोलीबारी के मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कपाली थानेदार अविनाश कुमार ने नाटकीय ढंग से जाल बिछाकर 24 घंटे के अंदर फायरिंग कांड के मुख्य आरोपी को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी मोहम्मद जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन को दबोचने के साथ ही उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया देसी पिस्टल भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, कपाली क्षेत्र में शेख नूर मोहम्मद उर्फ बाबू भाई पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई गई थी। गोली उनके पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल भेजा तथा घटनास्थल से एक खोखा और एक जिंदा कारतूस जब्त किया। घटना की के गंभीरता को लेते हुए कपाली थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने लगातार क्षेत्र में छापामारी जल बेचकर करते रहे और अपने मकसद में कामयाब हो गए।
वारदात के बाद आरोपी लगातार स्थान बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने देर रात उसके घर के बाहर घेराबंदी की। जैसे ही आरोपी घर पहुंचा, टीम ने उसे बिना किसी प्रतिरोध के गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। इस कार्रवाई में कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।






