जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में इस साल जून माह में 607.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो बीते 12 वर्षों में सर्वाधिक रही। यह आंकड़ा सामान्य से 158% अधिक है, जबकि औसत वर्षा 235.7 मिमी मानी जाती है। इससे पहले जून 2016 में 478.8 मिमी वर्षा हुई थी, लेकिन 2025 ने वह रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया। पिछले वर्ष 2024 में जून में केवल 50.6 मिमी वर्षा हुई थी।

मौसम विभाग ने मंगलवार को फिर से भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया। सोमवार को बोड़ाम में राज्य की सबसे अधिक 143.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। जमशेदपुर में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। मानगो क्षेत्र में छोटा पुल डूब गया, जिससे प्रशासन ने यातायात रोक दिया। कुंवर बस्ती में बहने वाला नाला उफान पर आ गया, जिससे जवाहर रोड नंबर 14 के कई घरों में पानी भर गया। रोड नंबर 9 और रेलवे स्टेशन मार्ग पर भी जलभराव रहा। आजादनगर रोड नंबर-1 पर एक कार पूरी तरह जल में समा गई। अलबेला गार्डन के पास भी दो वाहन डूब गए। जाबिर पुल लगातार दूसरे दिन बंद रहने से मानगो और कपाली के बीच संपर्क टूट गया।




