Saraikela (संजीव मेहता) : पेंशनरों का शहर का संगठन ईपीएस 95 नेशनल एजिटेशन कमेटी ने देशभर के पेंशनरों की मांग को लेकर आज जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा है. बता दें कि ईपीएस 95 नेशनल एजिटेशन कमेटी ने देशभर के 78 लाख पेंशनरों का संगठन है. जो हर माह सार्वजनिक उपक्रमों, सहकारी एवं निजी संस्थानों में 30 से 35 वर्ष सेवा देने के उपरांत पेंशन फंड में शासकीय नियमानुसार प्रतिमाह 417 रुपये, 541 और 1250 रुपये तक अंशदान देते हैं, इसके फलस्वरूप उन्हें हर माह औसतन महज 1170 रुपये प्रतिमाह पेंशन मिलती है.

जिससे उनका गुजारा संभव नहीं है. इसे देखते हुए ही 2013 में कोश्यारी कमेटी ने पेंशनरों को प्रतिमाह 3000/ रुपये पेंशन के साथ महंगाई भत्ता देने कीं सिफारिश की थी. लेकिन 2014 में बगैर महंगाई भत्ते के 1000 रुपए पेंशन की राशि तय कर दी गई. जबकि 36 लाख पेंशनरों को अब भी 1000 से भी कम पेंशन मिल रहे हैं. वास्तविकता यह है कि अल्प पेंशन व मेडिकल सुविधा के अभाव में सम्मान पूर्ण पेंशन की आस लगाए सैंकड़ों पेंशनर्स स्वर्ग सिधार गए हैं. अतः कमेटी की मांग है कि पेंशनरों को पेंशन की राशि में वृद्धि करते हुए 7500 रुपये मासिक पेंशन के साथ महंगाई भत्ता दी जाय.
इसके अलावा पेंशनरों की मांग है कि सभी पेंशनरों और उनके जीवनसाथी को मुफ्त चिकिसकीय सुविधा, सभी पेंशनरों को बिना किसी भेदभाव के सुप्रीम कोर्ट के निर्णय अनुसार दिनांक 4 अक्टूबर 2016 से 4 नवंबर 2022 तक वास्तविक वेतन पर उच्च पेंशन का लाभ दिया जाय एवं गैर ईपीएस 95 पेंशनर्स को पेंशन की राशि 5000 निर्धारित किया जाय. इन 4 सूत्री मांगों का ज्ञापन सांसद महोदय को देश के प्रधानमंत्री, वित्तमंत्री और श्रम मंत्री को सौंपा गया है. बता दें कि इस संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय हैं.




