सरायकेला / (संजीव मेहता) : आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड 14 और 15 में एस टाइप चौक मुख्य मार्ग से खरकई नदी किनारे तक 2 वर्ष पूर्व पीसीसी सड़क का निर्माण नगर निगम के द्वारा कराया गया था, जो सड़क बनते ही क्षतिग्रस्त होने लगा था. सड़क की गिट्टी और सीमेंट धूल बनकर उड़ने लगे थे. इस अनियमितता भरे कार्य की लेकर वार्ड 15 के ही सामाजिक कार्यकर्ता रविंद्र घोष ने पहले नगर निगम को शिकायत की लेकिन जब नगर निगम द्वारा कोई एक्शन ठेकेदार के विरुद्ध नहीं लिया गया तो रविन्द्र घोष इस कार्य के विरुद्ध हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर कर दी. अब याचिका पर कोर्ट ने सड़क को दुरुस्त करने का आदेश सुनाया था, जिसके आलोक में आज से इस सड़क को ठेकेदार द्वारा अलकतरा (बिटुमिनस) के द्वारा फिलिंग करानी शुरू कर दी है.

बता दें कि करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से यह सड़क पीसीसी बनी थी जो कि घटिया होने की वजह से छह माह में उखड़ने लगी थी और जहां तहां क्षतिग्रस्त हो गई थी. याचिका कर्ता रविन्द्र घोष ने इस सड़क निर्माण में ठेकेदार से स्थानीय पार्षद और नगर निगम के तत्कालीन अधिकारियों द्वारा मोटी रकम कमीशन लेने का आरोप लगाया गया था. अब इसकी पुनर्निर्माण होने से दोनों वार्ड के लोगों ने खुशी जताई है और याचिका दायर करने वाले को साधुवाद दिया है।




