दिल्ली ( प्रतीक सिंह ) : केदारनाथ धाम के द्वार आज 2 मई की सुबह 7 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। हर वर्ष भारी हिमपात के कारण सर्दियों में यह मंदिर बंद कर दिया जाता है, और जैसे ही गर्मियों की शुरुआत होती है, इसे फिर से भक्तों के लिए खोला जाता है। जैसे ही मंदिर के पट खुले, पूरी घाटी ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठी। कपाट खुलने से पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी धाम पहुंचे और उद्घाटन के पश्चात उन्होंने दर्शन किए।

इस बार पूजा की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से की गई। श्रद्धालुओं पर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। मंदिर खुलते ही भक्तों को अखंड दीपक के दर्शन हुए। इसके पश्चात रुद्राभिषेक और विभिन्न स्तोत्रों का जाप किया गया। सबसे पहले कर्नाटक के वीरशैव लिंगायत समुदाय के प्रमुख पुजारी भीमशंकर मंदिर पहुंचे। छह महीने पहले चढ़ाए गए श्रृंगार को हटाया गया। मंदिर को 54 किस्मों के 108 क्विंटल फूलों से सजाया गया, जिनमें नेपाल, थाईलैंड और श्रीलंका से आए पुष्प शामिल थे। पहले दिन लगभग 10 हजार भक्त पहुंचे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए टोकन प्रणाली अपनाई गई है। अब अगले छह माह तक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर सकेंगे।




