
सिद्धार्थ पाण्डेय : पश्चिम सिंहभूम : विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में गुवा वन प्रक्षेत्र द्वारा मध्य विद्यालय गुवासाई और गुवा थाना में पौधारोपण किया गया। मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुखदेव प्रधान ने अपने विद्यालय के बच्चों व शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़े उत्साह पूर्वक कार्यक्रम में अपनी रुचि दिखाई। गुवा पूर्वी पंचायत की मुखिया चांदमुनी लागुरी, गुवा पश्चिमी पंचायत की मुखिया पदमिनी लागुरी एवं वन क्षेत्र पदाधिकारी परमानंद रजक ने उपस्थित जनसमूह के बीच पौधारोपण कर पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाई। रजक के द्वारा उपस्थित जनसमूह को पर्यावरण संरक्षण हेतु संदेश दिया गया और शपथ दिलाई गई। उन्होंने बताया कि विगत 26 मई से 5 जून तक पूरे प्रक्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किये गये। प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम 10 पेड़ लगाकर व उनका संरक्षण कर पर्यावरण के प्रति अपना आभार प्रकट करना चाहिए। हमें सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग बंद करते हुए जूट या कपड़े की थैली का उपयोग करना चाहिए। पर्यावरण के संरक्षण हेतु जैव विविधता को बनाए रखना, पानी की बर्बादी को रोकना, अपने आसपास की साफ-सफाई, बिजली का दुरुपयोग नहीं करना इत्यादि अनेक ऐसे दैनिक क्रिया कलाप है, जिसके माध्यम से हम पर्यावरण की रक्षा कर सकते हैं। इस वर्ष गुवा प्रक्षेत्र द्वारा जंगल में 12000 पौधे लगाए जायेंगे। मुखिया पदमिनी लागुरी और चांदमुनी लागुरी की अगुवाई में वनकर्मियों और स्कूली बच्चों के साथ विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की गई। कार्यक्रम उपरांत विद्यालय के बच्चों के साथ चाकलेट एवं शीतल पेय का आनंद लिया गया।
इस अवसर पर गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार के द्वारा अपने पुलिस कर्मियों के साथ वन क्षेत्र पदाधिकारी परमानंद रजक की उपस्थिति में थाना परिसर में पौधारोपण किया गया। गुवा वन क्षेत्र कार्यालय पदाधिकारी रेंजर परमानंद रजक ने अपने संदेश मे कहा कि पौधारोपण के लिए सदैव अग्रसर रहें ।वृक्ष ही हरियाली व जीवन प्रदान करने वाला है ।वृक्ष मानव जीवन के साथ-साथ प्राकृतिक सुंदरता के लिए अत्यंत अनिवार्य है ।संपूर्ण कार्यक्रम के समायोजन में गुवा वन विभाग के छोटे लाल मिश्रा के साथ गुवा वन विभाग परिवार का अग्रणी योगदान रहा । स्कूली बच्चों को सम्मानित किया गया।




