रांची : राज्यसभा सांसद और झारखंड के वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वे दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल के आईसीयू में चिकित्सकीय निगरानी में हैं। डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम लगातार इलाज में जुटी है। अस्पताल परिसर में समर्थकों और शुभचिंतकों का जमावड़ा लग रहा है, लेकिन सीमित लोगों को ही भीतर जाने की इजाजत है।

इधर, झामुमो के प्रवक्ता मनोज पांडेय ने रांची के जगन्नाथ मंदिर में विशेष अनुष्ठान कर शिबू सोरेन के स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की। उन्होंने आमजन से अनुरोध किया है कि वे अपने-अपने धार्मिक स्थलों में प्रार्थनाएं करें। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इस संबंध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बातचीत की। हेमंत ने बताया कि गुरुजी को हल्का ब्रेन स्ट्रोक हुआ है। वहीं, कांग्रेस के नेता सिरि बेला प्रसाद, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और श्रम मंत्री संजय यादव भी अस्पताल पहुंचे और वहां के चिकित्सकों से हालचाल जाना। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने मांग की है कि राज्य सरकार गुरुजी के स्वास्थ्य को लेकर आधिकारिक बुलेटिन जारी करे ताकि आम लोग सही जानकारी पा सकें।




