रांची : इचाक थाना क्षेत्र में 26 जून की रात एक बड़ी वारदात हुई। गाड़ीसाडम निवासी पंकज कुमार शर्मा हजारीबाग से अपने गांव लौट रहा था, तभी करीब 8 बजे करियातपुर-मोक्तमा सड़क पर छबेलवा के पास कुछ अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना बनाया। पंकज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह हजारीबाग से निजी कार्य निपटाकर अपनी बाइक से घर की ओर लौट रहा था।

जैसे ही वह मोक्तमा गांव पार कर आगे बढ़ा, वहां पहले से मौजूद पांच-छह युवक अपनी मोटरसाइकिल को बीच सड़क में आड़ा-तिरछा खड़ा किए थे। अचानक बाइक रोकने की कोशिश में वह असंतुलित होकर गिर पड़ा। इसी दौरान हमलावरों ने उसके साथ जमकर मारपीट की और उसका बैग छीन लिया। बैग में 1 लाख 20 हजार रुपये रखे थे, जिसे वह अपने छोटे भाई की शिक्षा के लिए लेकर जा रहा था। पीड़ित ने इचाक थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।




