Saraikela (संजीव मेहता) :बड़े GST घोटाले में कार्रवाई करते हुए डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की टीम ने बुधवार देर रात छापेमारी कर टेल्को निवासी स्क्रैप (कबाड़ा) व्यवसायी हर्षवर्द्धन को गिरफ्तार किया है. उस पर फर्जी बिलिंग और इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के जरिये करीब 14 करोड़ रुपये के GST घोटाले में संलिप्त होने का आरोप है. DGGI सूत्रों के अनुसार आरोपी ने बिना वास्तविक माल की खरीद-बिक्री किए कई फर्मों के नाम पर फर्जी चालान जारी कर भारी मात्रा में टैक्स क्रेडिट का गलत लाभ उठाया.

लंबे समय से चल रही गोपनीय जांच के बाद पुख्ता सबूत मिलने पर टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया. गिरफ्तारी के बाद हर्षवर्द्धन को विशेष आर्थिक अपराध अदालत में पेश किया गया, जहां सुनवाई के बाद अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है. फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है. अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों, बैंक खातों और अन्य संदिग्ध फर्मों की भी गहन जांच की जा रही है. संभावना जताई जा रही है कि जांच के दायरे में और नाम सामने आ सकते हैं. GST इंटेलिजेंस की टीम नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है.




