सरायकेला: गम्हरिया क्षेत्र को आदित्यपुर नगर निगम से अलग कर स्वतंत्र नगर परिषद बनाने की मांग जोर पकड़ रही है। इस संबंध में पूर्व पार्षद सिद्धनाथ सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अंचलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि गम्हरिया के आठ वार्डों की आबादी एक लाख से अधिक है, लेकिन आदित्यपुर नगर निगम द्वारा इस क्षेत्र की उपेक्षा की जा रही है। विकास योजनाओं में भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा गया कि नगर निगम क्षेत्र में सड़कों की मरम्मत के लिए व्यापक कार्य हो रहे हैं, लेकिन गम्हरिया के कई वार्डों में इस योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। क्षेत्र में टेंडर तो जारी किए गए, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हुआ है। नगर निगम पर अतिक्रमण के मुद्दे की अनदेखी का भी आरोप लगाया गया। बताया गया कि इस संबंध में कई शिकायतें दर्ज कराई गईं और विरोध प्रदर्शन भी हुए, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

पूर्व पार्षद ने मुख्यमंत्री से मांग की कि राज्य स्तरीय जांच टीम गठित कर नगर निगम के पिछले पांच वर्षों के कार्यों की जांच कराई जाए। साथ ही, यह भी स्पष्ट किया जाए कि विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों पर कितनी राशि खर्च हुई है। इस अवसर पर डीएन सिंह, श्याम सुंदर साह, उमाशंकर राय, कामदेव राय, अमरेश ईश्वर, चंदेश्वर यादव, लक्ष्मण सिंह, प्रभात ठाकुर, अनय सिंह, संजय सिंह, श्याम सुंदर मालाकार, राजू रजक, शैलेश तिवारी, विशाल सिंह, अमरेंद्र कुमार समेत कई लोग उपस्थित थे।




