रांची: झारखंड पुलिस महकमे में इन दिनों डीजीपी पद को लेकर बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। सूत्रों के अनुसार वर्तमान डीजीपी अनुराग गुप्ता के इस्तीफे की खबर की चर्चा सामने आने के बाद नए डीजीपी की नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार इस पद के लिए तीन नामों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है — अनिल पलटा, प्रशांत कुमार और एम. एस. भाटिया।
इनमें से एम. एस. भाटिया का नाम सबसे प्रबल दावेदार के रूप में उभर कर सामने आया है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार तक गृह विभाग और कार्मिक विभाग के बीच इस संबंध में कई दौर की चर्चाएं हुई हैं। एम. एस. भाटिया की कार्यकुशलता, प्रशासनिक अनुभव और राज्य में उनकी लोकप्रियता को देखते हुए उन्हें शीर्ष पद के लिए सबसे उपयुक्त माना जा रहा है।

वहीं, अनिल पलटा और प्रशांत कुमार के नाम पर भी विचार हो रहे हैं, परंतु सूत्रों का कहना है कि निर्णय भाटिया के पक्ष में झुकता दिखाई दे रहा है। अनुराग गुप्ता के इस्तीफे के बाद से ही पुलिस महकमे में नए नेतृत्व को लेकर हलचल बढ़ गई है। संभावना जताई जा रही है कि राज्य सरकार बहुत जल्द नए डीजीपी की घोषणा कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, बहुत जल्द ही इस पूरे प्रकरण पर अंतिम फैसला लिया जाएगा और झारखंड को नया (डीजीपी) पुलिस प्रमुख मिल जाएगा।



