जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर रात के समय बड़ी चोरियां हुईं। पहली वारदात बजरंग नगर में दिवंगत गणेश शर्मा के घर पर घटी, जहां अज्ञात अपराधियों ने करीब पांच लाख की संपत्ति चुरा ली। घर से कई मोबाइल फोन, कीमती गहने और नकद गायब पाए गए। घटना देर रात लगभग डेढ़ से चार बजे के बीच की बताई जा रही है।

उस समय घर के सभी सदस्य गहरी नींद में थे। सुबह उठने पर उन्हें पूरे घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। शातिर चोरों ने इतनी चुपचाप तरीके से वारदात को अंजाम दिया कि किसी को कोई भनक तक नहीं लगी। परिजनों ने गोलमुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। दूसरी घटना न्यू केबुल टाउन में भाजपा नेता प्रेम झा के घर पर हुई। चोरों ने घर की बाउंड्री पार कर अंदर प्रवेश किया और झा परिवार के कई पर्स से रुपये, डॉलर तथा मोबाइल ले उड़े। कुल नुकसान लगभग 53 हजार आंका गया है। सुबह छत पर बिखरे कपड़ों और खाली पर्स से चोरी का पता चला। पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया और तहकीकात जारी है।




