जमशेदपुर: शनिवार को सिदगोड़ा 10 नंबर बस्ती, पदमा रोड में एक अत्यंत दुखद हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। ढाई साल के रौनकवीर सिंह की असामयिक मृत्यु ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। इतनी कम उम्र में अचानक हृदय संबंधी समस्या से जान चली जाना, सुनने वालों को भी अचरज में डाल दिया है।

सुबह लगभग 11 बजे रौनक अपनी दो बहनों के साथ बाहर खेल रहा था। खेलते-खेलते रौनक घर आया और पिता को विदा करते हुए कहा कि शाम को उसके लिए चिप्स लाना। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया और बिस्तर पर लेट गया। कुछ देर बाद उसकी मां, निकीता कौर, उसे जगाने पहुंचीं लेकिन वह नहीं जगा। बहुत प्रयासों के बाद जब कोई हरकत नहीं हुई, तो पड़ोसियों की सहायता से बच्चे को मर्सी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच कर बताया कि उसकी मृत्यु कार्डियक अरेस्ट हार्ट अटैक के कारण हुई है। फिर भी परिवार ने टीएमएच जाकर दोबारा जांच कराई, पर वहां भी डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में कोहराम और मातम है




