पटना: बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी रविवार को उनके एक समर्थक के मोबाइल पर व्हाट्सएप मैसेज के माध्यम से भेजी गई। मैसेज में लिखा गया था, “हैलो सर, 24 घंटे के अंदर सम्राट चौधरी को गोली मार दूंगा। सच बोल रहा हूं।” इस धमकी भरे संदेश के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है। तकनीकी सेल द्वारा मैसेज भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। डिप्टी सीएम की सुरक्षा को भी और अधिक मजबूत किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, धमकी देने वाले का लोकेशन ट्रेस किया जा रहा है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, समर्थकों में इस घटना के बाद आक्रोश देखा जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। मामले की निगरानी वरिष्ठ अधिकारी स्वयं कर रहे हैं।




