Saraikela (संजीव मेहता) : समाहरणालय स्थित सभागार में डीसी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी सतेंद्र महतो, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, एमओ, गोदाम प्रबंधक समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.

बैठक में खाद्यान्न आपूर्ति, जन वितरण प्रणाली (PDS), दाल-भात योजना, धान अधिप्राप्ति एवं भुगतान, चावल दिवस, धोती-साड़ी योजना समेत विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई. समीक्षा क्रम में डीसी ने निर्देश दिया कि सभी कार्डधारकों को उचित दर एवं मात्रा में समय पर खाद्यान्न उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित किया जाए. पारदर्शिता के उद्देश्य से प्रत्येक माह कम से कम 10 पीडीएस दुकानों का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया.
* बैठक में डीसी के द्वारा निम्नलिखित निर्देश दिए गए-
• सोना सोबरन धोती-साड़ी योजना के तहत शत-प्रतिशत लाभुकों तक लाभ पहुँचे, यह सुनिश्चित किया जाए.
• पैक्स केंद्र के संचालन में पारदर्शिता रहे एवं किसानों को धान की बिक्री के एवज में समय पर भुगतान हो.
• लाभुकों की शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया जाए.
• दाल-भात केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए.
• ऐसे राशन कार्डधारी जो 4-5 महीनों से खाद्यान्न नहीं उठा रहे हैं, उनका ग्राम सभा के माध्यम से सत्यापन कर नियमानुसार नाम विलोपित किए जाएं.
• डीलर टैगिंग/री-टैगिंग की प्रक्रिया को प्रचारित किया जाए ताकि लाभुक नजदीकी डीलर से जुड़ सकें.
• तीन माह से अधिक समय तक खराब वितरण प्रतिशत वाले डीलरों से बैठक करें, सुधार न होने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
• सभी लाभुकों का ई-केवाईसी पूर्ण किया जाए। मृत या स्थानांतरित लाभुकों के राशन कार्ड को सत्यापन के बाद हटाया जाए. इसके अतिरिक्त, उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी JSFC गोदाम सुव्यवस्थित हों। अनाज की उचित गिनती, साफ-सफाई, सीसीटीवी, फायर सेफ्टी, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं.




