सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले चौका थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें चौका थाना क्षेत्र के कुल आठ पंचायतों के ग्राम प्रधान, मुखिया, शांति समिति के सदस्य तथा क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा समाज में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयासों पर चर्चा करना था।
बैठक के दौरान महिला सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देते हुए उपस्थित लोगों को महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही, सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों, यातायात अनुशासन और दुर्घटना रोकथाम के उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

समाज में आज भी प्रचलित कुप्रथाओं, विशेषकर डायन प्रताड़ना जैसे अपराधों के विरुद्ध लोगों को जागरूक किया गया तथा कानूनन इसका विरोध करने और पीड़ितों को सहयोग देने पर बल दिया गया। इसके अलावा, तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने एवं डिजिटल सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी गई। अंत में, Good Samaritan नीति के बारे में जानकारी देते हुए लोगों से आग्रह किया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद निसंकोच करें, क्योंकि कानून उन्हें सुरक्षा प्रदान करता है।




