रांची : रांची में होने वाले अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए भारतीय टीम शहर में पहुँचकर रेडिशन ब्लू में ठहरी है। खिलाड़ियों की पोषण ज़रूरतों को देखते हुए होटल और स्टेडियम में भोजन की विशिष्ट व्यवस्था की गई है। मुख्य रसोइये जय धवल देव के अनुसार खेलाडियों के लिए ऐसा खाने का प्लान तैयार किया गया है, जिसे दिनभर आसानी से चुना जा सके।
मैदान के भोजन क्षेत्र में अंडे से बनी डिशें, पास्ता, ताज़े पेय, सैंडविच और कटे हुए फल उपलब्ध रखे गए हैं। गुरुवार दोपहर को साफ़ सूप, विभिन्न तरह के सलाद, अंकुरित दाल और साधारण दही-पापड़ दिए गए। मुख्य व्यंजनों में खास मसालों वाले चिकन टिक्का, पारंपरिक मटन करी, पनीर और मशरूम से बनी डिशें, हल्की खिचड़ी, दाल और अलग-अलग तरह के चावल रखे गए। रोटियों में मोटे अनाज के विकल्प पर ज़ोर दिया गया।

खिलाड़ी सरल और घर जैसे स्वाद को पसंद करते हैं। विराट कोहली ने मडुआ की रोटी के साथ ब्रोकली की भुजिया और हल्का पनीर चुना, जबकि रोहित शर्मा को खिचड़ी भा गई। रोज़ के भोजन में परिवर्तन किया जाता है। मैच वाले दिन झारखंड की पारंपरिक थाली दी जाएगी,जिसमें स्थानीय दाल, देसी शैली का मटन और चिकन,मोटे अनाज की रोटियाँ और लाल चावल शामिल होंगे। मिठाई में गोंदली की खीर दी जाएगी। दक्षिण अफ्रीकी दल के लिए अलग सूची तैयार की गई है।




