जामताड़ा : जामताड़ाजिले के शेखपुरा इलाके में शनिवार की रात को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती ब्रेजा कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में आग लगने के बाद चालक ने तुरंत वाहन रोक दिया। कार में सवार चारों लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था। घटना के दौरान सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।





