
जमशेदपुर : भारत निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव अरविन्द आनंद के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम शुक्रवार को जमशेदपुर दौरे पर पहुंची। टीम ने जिला समाहरणालय में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। प्रधान सचिव ने जिले में चल रहे पुनरीक्षण कार्यक्रम में मतदाता सूची के अद्यतनीकरण, घर-घर सत्यापन, डिजिटाइजेशन, पुराने लेमिनेटेड मतदाता पहचान पत्र के नवीनीकरण, पहचान पत्रों के वितरण, मतदान केंद्रों पर आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं, जन शिकायतों के निस्तारण की स्थिति एवं लोकसभा निर्वाचन में मतदान प्रतिशत जैसे विषयों पर विस्तृत रूप से समीक्षा की एवं ने गाइड लाइन के तहत कालोनियों में मतदाताओ की संख्या के अनुसार मतदान केंद्र आरंभ करने संबंधित आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बता दे की जिला प्रशासन के द्वारा लोकसभा चुनाव के दौरान ही 500 से ज्यादा संख्या वाले कालोनियों में बूथ बनाए गए थे। इस बार फिर 3 नए कालोनियों में बूथ बनाने का प्रस्ताव चुनाव आयोग को भेजा गया था जिसका अनुमति दे दी गई है।बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जिले में चल रहे मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम सम्बन्धी गतिविधियों एवं अब तक की प्रगति की जानकारी आयोग की टीम को दी।




