बिहार : बेतिया जिले में भ्रष्टाचार का एक और मामला सामने आया है। निगरानी विभाग की टीम ने जिला मत्स्य अधिकारी पीयूष रंजन कुमार को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। यह कार्रवाई लाभार्थी आइसा सिद्दिकी की शिकायत पर हुई, जिन्होंने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत अपने निजी टैंक के निर्माण पर लगभग 25 लाख रुपये खर्च किए थे।
इस योजना के अंतर्गत मिलने वाली 10 लाख की अनुदान राशि उनके खाते में स्थानांतरित कर दी गई थी। अनुदान मिलते ही अधिकारी ने उस राशि का 10% हिस्सा बतौर कमीशन मांगा। इतना ही नहीं, अधिकारी ने यह भी धमकाया कि यदि राशि नहीं दी गई तो योजना को निरस्त करवा देंगे।

आइसा सिद्दिकी ने घूस की मांग को लेकर निगरानी इकाई से संपर्क किया, जिसके बाद पूरी योजना के तहत जाल बिछाया गया। तय स्थान पर जैसे ही अधिकारी ने रुपये स्वीकार किए, उन्हें मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया। फिलहाल आरोपी अधिकारी से पूछताछ जारी है और आगे की प्रक्रिया में कोर्ट में पेशी कराई जाएगी। मामले ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



