गम्हरिया : नेशनल वन हेल्थ मिशन के तत्वावधान में, उन्नत भारत अभियान (यूबीए) सेल और अरका जैन विश्वविद्यालय के ऑप्टोमेट्री विभाग के संयुक्त प्रयास से गम्हरिया स्थित एस.एस. हाई स्कूल में एक दिवसीय मायोपिया स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया। इस नेत्र जांच शिविर में अंसारी ऑप्टिकल्स ने अपना विशेष सहयोग प्रदान किया।
ऑप्टोमेट्री विभाग और उन्नत भारत अभियान सेल ने किया नेतृत्व
इस कार्यक्रम का सफल नेतृत्व अरका जैन विश्वविद्यालय के ऑप्टोमेट्री विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर सरबोजित गोस्वामी और उन्नत भारत अभियान सेल के सह-समन्वयक डॉ. मनोज कुमार पाठक ने किया। शिविर के दौरान विद्यालय के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की विस्तृत नेत्र जांच की गई। जांच में जिन बच्चों की आंखों में मायोपिया यानी निकट दृष्टिदोष की समस्या पाई गई, उन्हें मौके पर ही नि:शुल्क चिकित्सकीय परामर्श और सुविधा भी प्रदान की गई।

ग्रामीण बच्चों को मिलेगा लाभ, समय पर होगा उपचार
इस महत्वपूर्ण पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में पाई जाने वाली दृष्टिदोष की समस्याओं की पहचान करना और उन्हें समय रहते उचित उपचार उपलब्ध कराना है। इस शिविर के आयोजन के लिए अरका जैन विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति प्रोफेसर (डॉ.) अंगद तिवारी, कुलसचिव डॉ. अमित कुमार श्रीवास्तव, और हेल्थ एंड अलाइड साइंस के डीन डॉ. ज्योतिर्मय साहू ने ऑप्टोमेट्री विभाग और उन्नत भारत अभियान सेल की टीम को हार्दिक बधाई दी है। इस शिविर से गम्हरिया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के कई बच्चों को लाभ मिलेगा और उनकी दृष्टि संबंधी समस्याओं का समय पर समाधान हो सकेगा।




