दिल्ली (प्रतीक सिंह) : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को नक्सलमुक्त भारत अभियान में एक और महत्वपूर्ण सफलता की घोषणा की। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के बीजापुर और कांकेर जिलों में सुरक्षा बलों द्वारा किए गए दो अलग-अलग ऑपरेशनों में 22 नक्सली मारे गए। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की कठोर नीति का हिस्सा है, जो नक्सलियों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार नक्सलियों के आत्मसमर्पण को प्रोत्साहित कर रही है, लेकिन जो नक्सली आत्मसमर्पण नहीं कर रहे, उनके खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जा रही है। अगले साल मार्च तक भारत को पूरी तरह से नक्सलमुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। बीजापुर के अंड्री जंगल और कांकेर के नारायणपुर सरहदी क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 18 नक्सली बीजापुर और 4 कांकेर में मारे गए। इस कार्रवाई में एक जवान शहीद भी हुआ। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस उपलब्धि पर सुरक्षाबलों को बधाई दी और कहा कि 2026 तक राज्य को नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त कर दिया जाएगा।




