Saraikela (संजीव मेहता) : आदित्यपुर रेलवे स्टेशन का करोड़ो रुपये खर्च कर भव्य विस्तारीकरण के बाद आदित्यपुर हटिया ट्रेन को आज से चालू कराना आदित्यपुर के लोगों को लॉलीपॉप दिखाने के समान है. आदित्यपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन द्वारा रांची या हटिया जाने में जितना समय लगता है, उससे दो घंटे पहले कोई भी व्यक्ति दोपहिया या चारपहिया वाहन से आदित्यपुर से रांची पहुंच जाएगा, फिर इस ट्रेन का क्या फ़ायदा? उक्त बातें स्टेशन के विकास और ट्रेनों के ठहराव के लिए आंदोलन करने और जनहित याचिका दायर करने वाली संगठन जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष अधिवक्ता ओम प्रकाश और कार्यकारी अध्यक्ष महिला नेत्री शारदा देवी ने कही है.

उन्होंने कहा कि जब आदित्यपुर रेलवे स्टेशन का विस्तारीकरण 31 जनवरी वर्ष 2025 को पूरा हो चुका है तो फिर 3 महीने बीतने के बाद भी अभी तक सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर ना होना यहां के लोगों का तिरस्कार एवं सरकार का करोड़ों रुपए का खर्च होना बेकार साबित हो रहा है. जनकल्याण मोर्चा की मांग है की आदित्यपुर रेलवे स्टेशन से कौन-कौन सी ट्रेन खुलेगी यह उनका विभागीय मामला है लेकिन यहां से गुजरने वाली हर एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर अबिलम्ब सुनिश्चित की जाए. इसके लिए जनकल्याण मोर्चा मजदूर दिवस के दिन 1 मई को बैठक कर ठोस निर्णय लेगा.




