रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी वारदात के विरोध में गुरुवार को रांची में कैंडल मार्च निकाला। इस घटना में 26 से अधिक नागरिकों की जान गई थी। यह मार्च पार्टी के प्रदेश कार्यालय से आरंभ होकर अल्बर्ट एक्का चौक पर जाकर संपन्न हुआ।

मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने देश में व्याप्त असुरक्षा को लेकर नारेबाजी की और दोषियों को सख्त सज़ा देने की मांग की। कमलेश ने इस मौके पर कहा कि यह हमला सिर्फ निर्दोष लोगों पर नहीं, बल्कि देश की आत्मा पर वार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा ऐसी घटनाओं के खिलाफ खड़ी रही है और आगे भी मजबूती से विरोध जारी रखेगी। उन्होंने केंद्र से अपेक्षा जताई कि वह सख्त नीति अपनाए, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ठोस प्रयास करे और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए। इस दौरान पार्टी दफ्तर में मृतकों की याद में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर संवेदना प्रकट की। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह देश की अखंडता और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर मोर्चे पर सक्रिय रहेगी।




