रांची : पहलगाम, कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले के बाद गृह मंत्रालय ने देश में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने का आदेश जारी किया है। इसके तहत विभिन्न राज्यों में प्रशासन सक्रिय हो गया है और विदेशी नागरिकों की पहचान की जा रही है। झारखंड में अब तक सात पाकिस्तानी नागरिकों का पता चला है, जिनमें रांची में चार और जमशेदपुर में तीन शामिल हैं।

रांची में डोरंडा क्षेत्र से तीन और हिंदपीढ़ी से एक व्यक्ति को चिह्नित किया गया है। वहीं जमशेदपुर के मानगो और धातकीडीह इलाकों में तीन नागरिक रह रहे थे। इन सभी की उम्र अधिक है और ये लंबे समय से वीजा का नवीनीकरण कर अपने परिवार के साथ झारखंड में निवास कर रहे थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य पुलिस मुख्यालय से दिशा-निर्देश मांगे गए हैं कि ऐसे मामलों में आगे क्या कदम उठाए जाएं। फिलहाल प्रशासन इन लोगों के दस्तावेजों और गतिविधियों की समीक्षा कर रहा है, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। यह कदम सुरक्षा कारणों से उठाया जा रहा है और सभी एजेंसियां सतर्कता बरत रही हैं।




