
रांची: राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर विधायक सरयू राय ने स्वास्थ्य विभाग में घोटाले के आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है. विधायक सरयू राय ने स्वास्थ्य विभाग और स्वास्थ्य मंत्री पर बड़े घोटाले का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर ज्ञापन सौंपा और कार्रवाई की मांग की। सरयू राय ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने मंत्रिपरिषद के निर्णय के अनुसार चयनित मानव बल आपूर्ति करने वाली आउटसोर्सिंग एजेंसियों का इम्पैनल्ड रद्द करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही, एक माह के भीतर नई आउटसोर्सिंग एजेंसी के चयन के लिए अस्पतालों के अधीक्षक और जिला सिविल सर्जनों को निर्देश दिया गया है। आउटसोर्सिंग एजेंसी का चयन ‘झारखंड मेडिकल एंड हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एंड प्रोक्योरमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा प्रकाशित निविदा के आधार पर हुआ था। स्वास्थ्य मंत्री के प्रभाव में विभाग ने एक साल तक इसके साथ कोई समझौता नहीं किया और पूर्व की व्यवस्था को जारी रखा। अब, इस इम्पैनल्ड को रद्द कर, वे पूर्व की भांति ही आउटसोर्सिंग एजेंसी द्वारा मानव बल उपलब्ध कराने की योजना बना रहे हैं।
सरयू राय ने कहा कि मंत्री ने मंत्रिपरिषद को सूचित किए बिना एजेंसी नियुक्त करने का निर्देश दिया है, जो कि एक बड़ा घोटाला है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इसकी जांच कराने और अनियमितताओं को रोकने की मांग की है।मुख्यमंत्री ने पूरे मामले को गंभीरता से सुनते हुए कार्रवाई का भरोसा दिया है।




