
रांची : रांची विधानसभा थाना क्षेत्र में बस स्टैंड के पास पूर्व पार्षद वेद प्रकाश सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसआईटी ने इस घटना में शामिल उत्तर प्रदेश के शूटर राहुल जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने प्रेसवार्ता में जानकारी दी कि हत्या के एवज में शूटर को 70 हजार रुपये का सौदा तय हुआ था। इस मामले में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इससे पहले पुलिस ने तीन अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है। एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा के निर्देश पर गठित टीम ने अपराधियों को अलग-अलग जगहों से पकड़ा है। गिरफ्तार लोगों में शूटर सत्यम पाठक, साजिशकर्ता धीरज मिश्रा और रेकी करने वाला एक व्यक्ति शामिल हैं।
घटना का प्रमुख कारण तीन वर्ष पूर्व सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान हुए विवाद को बताया गया है, जब धीरज मिश्रा को वेद प्रकाश सिंह और अन्य लोगों ने मारपीट की थी और उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया था। इसके बाद धीरज ने तीन वर्ष बाद बदला लेने की योजना बनाई और सत्यम पाठक के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।




