
सरायकेला: जिला मुख्यालय का गैरेज चौक (अटल चौक) व साप्ताहिक हाट परिसर जहां सुबह से शाम तक लोगों का गुलजार होता है लेकिन शाम होती ही यह मयखाना बन जाता है। शाम 6 बजे के बाद यहां लोगों को जाम छलकाते खुलेआम देखा जा सकता है। गैरेज चौक के किनारे स्थित भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी के लगी प्रतिमा परिसर को शाम होते ही शराबी अपना कब्जा कर लेते हैं और यहां जाम छलकाए जाने लगतेे हैं। गैरेज चौक में लगे ट्रांसफार्मर के नीचे समेत जहां-तहां लोग शराब की बोतल और गिलास के साथ अपनी बैठक जमाए नजर आते हैं। यहां आस-पास अंडा और चखना का ठेला लगाने वालों के ठेलों के नजदीक शराब पीने वाले अपनी महफिल जमाए देखने को मिलते हैं। इसी तरह साप्ताहिक हाट परिसर में भी शाम से देर रात तक मयखाना सजती है। जिसकी वजह से शाम के समय यहां से लोगों का गुजरना मुश्किल होता है। खास तौर पर महिलाएं इस रास्ते से नहीं गुजर सकतीं है।
शराबियों की हरकतों की वजह से क्षेत्र का वातावरण भी दूषित हो रहा है जिससे यहां के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने कहा यहां कार्रवाई नहीं होने के कारण यह क्षेत्र मयखाना बन चुका है। शाम से रात तक शराबियों का ठिकाना रहता है। जिला मुख्यालय के सार्वजनिक स्थानों पर इन दिनों खुलेआम शराबखोरी हो रही है इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होना पुलिस गश्ती पर सवाल उठती है।






