
रांची: पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक बार फिर नकली शराब कारोबार आया सामने। चक्रधरपुर पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। गिरफ्तार व्यक्तियों में चक्रधरपुर बड़ी बाजार निवासी सुमन गुप्ता और पलामू जिले के पांडुआ निवासी अनूप कुमार शामिल हैं। इनके पास से नकली शराब बनाने के सामान के साथ-साथ 25,400 रुपये नगद भी बरामद किए गए हैं।पश्चिम सिंहभूम जिले के एसपी आशुतोष शेखर को सूचना मिली थी कि पदमपुर स्थित लाइसेंसी शराब दुकान में नकली शराब बनाई जा रही है। इस सूचना पर चक्रधरपुर थाना प्रभारी राजीव रंजन के नेतृत्व में एक टीम बनाकर पदमपुर लाइसेंसी शराब दुकान में छापेमारी की गई। छापेमारी में पुलिस ने शराब की खाली बोतलें, ढक्कन, क्यूआर कोड स्टीकर, और मिनरल वाटर की बोतलों में भरी शराब बरामद की। साथ ही सुमन गुप्ता और अनूप कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस की पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। इस घटना से पहले भी चक्रधरपुर के नगर परिषद् कार्यालय के पीछे नकली शराब बनाते हुए एक सेल्समैन पकड़ा गया था। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद नकली शराब का कारोबार रुक नहीं रहा है। लाइसेंसी शराब दुकानों से नकली शराब बेचने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं और शराब की कीमतों में भी 50 रुपये तक की वृद्धि देखी जा रही है, लेकिन आबकारी विभाग इन गतिविधियों पर रोक लगाने में असफल साबित हो रहा है।
बरामद सामान में विभिन्न ब्रांड्स की शराब की खाली बोतलें और ढक्कन शामिल हैं, साथ ही मिनरल वाटर की बोतलों में भरी नकली शराब भी मिली है। पानी मिलाकर शराब की मात्रा बढ़ाई जा रही थी, जिससे एक बोतल से तीन बोतलें बनाई जाती थीं।





