सरायकेला : सरायकेला के गम्हरिया प्रखंड के दुग्धा पंचायत अंतर्गत रामजीवनपुर गांव के ग्रामीणों ने सोमवार को प्रखंड कार्यालय पहुंचकर निर्माणाधीन सड़क का विरोध जताया. ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को मांगपत्र सौंपते हुए सड़क निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने और मामले की जांच कराने की मांग की.
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ प्रभावशाली लोगों के दबाव में वर्षों पुराने सिंचाई नाले को बंद कर सड़क का निर्माण कराया जा रहा है. उनका कहना है कि इसी नाले के पानी से गांव के किसानों के खेतों की सिंचाई होती रही है. यदि नाला बंद कर दिया गया तो खेती-किसानी पर गंभीर असर पड़ेगा और किसानों के सामने सिंचाई का संकट खड़ा हो जाएगा. ग्रामीणों ने बताया कि यह नाला उनके पूर्वजों के समय से सिंचाई का प्रमुख साधन रहा है. ऐसे में सड़क निर्माण के कारण नाले का अस्तित्व समाप्त होना पूरे गांव के किसानों के हितों के खिलाफ है.

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सड़क निर्माण के दौरान सिंचाई व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी जाए. ग्रामीणों के आंदोलन को स्थानीय मुखिया का भी समर्थन मिला. उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी कर कोई भी विकास कार्य नहीं होना चाहिए और प्रशासन को दोनों पक्षों की बात सुनकर उचित समाधान निकालना चाहिए. बताया गया कि इससे पहले गांव के कुछ लोग सड़क निर्माण की मांग को लेकर भी प्रदर्शन कर चुके हैं. ऐसे में अब सड़क निर्माण और सिंचाई व्यवस्था को लेकर गांव में दो पक्ष बन गए हैं. प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर सभी पक्षों के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेने की मांग की जा रही है.






