जमशेदपुर : जमशेदपुर के चर्चित पिकनिक एवं पर्यटन स्थल डिमना जलाशय में शुक्रवार को दर्दनाक घटना सामने आई। एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से जुड़े दो प्रशिक्षु चिकित्सक झील में समा गए, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और बचाव दल तत्काल sघटनास्थल पर पहुंचे तथा खोज अभियान शुरू कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवा डॉक्टर अपने कुछ साथियों के साथ घूमने और समय बिताने के लिए डिमना पहुंचे थे। इसी दौरान वे अनजाने में गहरे हिस्से तक पहुंच गए। पानी का स्तर अधिक होने के कारण दोनों संतुलन खो बैठे और देखते ही देखते लहरों में ओझल हो गए। उनके मित्रों ने तत्काल सहायता करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाई गई।

प्रशिक्षित गोताखोरों की टीम झील के विभिन्न हिस्सों में लगातार खोजबीन कर रही है। प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर अभियान जारी रखा है ताकि लापता दोनों युवकों का जल्द पता लगाया जा सके। समाचार लिखे जाने तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग करते हुए अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इस घटना के बाद मेडिकल समुदाय और स्थानीय लोगों में गहरी चिंता तथा शोक का माहौल बना हुआ है।






